श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में दिनांक 24 जुलाई 2026 को प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अशोक परयानी जी एवं श्री अविनाश उपाध्याय जी,महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक, वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष शाह, भाषा विभागाध्यक्ष डॉ. शिवमणि मिश्रा एवं आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी डॉ. अंजू पाठक जी की मंच पर गरिमामयी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। तत्पश्चात प्राचार्य महोदय ने अपने स्वागत उद्बोधन में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गौरवशाली परम्पराओं, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा अनुशासित एवं मूल्यपरक शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय द्वारा प्रदान किए जाने वाले विविध शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि श्री अशोक परयानी जी ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच एवं सतत् परिश्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए सफलता के सूत्र बताए। वहीं श्री अविनाश उपाध्याय जी जो कि महाविद्यालय के पूर्वछात्र भी है, उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसके उपरांत डॉ. मनीष शाह एवं डॉ. शिवमणि मिश्रा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय उपलब्धियों से परिचित कराया। आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी डॉ. अंजू पाठक ने विद्यार्थियों को गुणवत्ता आधारित शिक्षा, नवाचार एवं कौशल विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की, साथ ही विभाग के अन्य प्राध्यापक डॉ स्वर्णा मराठा, डॉ. गुरप्रीत कालरा, डॉ. बलबीर कौर, सुश्री मीनाक्षी विश्वकर्मा,डॉ. नमिता सोनी एवं डॉ. नेहा फिलौरा द्वारा भी विद्यार्थियों को स्कॉलर, एंटी-रैगिंग नियमों, व केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, एन.सी.सी., एन.एस.एस. पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर प्रयोगशाला, खेल मैदान एवं अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। सम्पूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. स्वर्णा मराठा द्वारा किया गया, कार्यक्रम का समापन, डॉ. मनीष शाह (वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष ) के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। दीक्षारम्भ कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, संस्कारों एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करना था। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने महाविद्यालयीन जीवन के प्रति नवीन ऊर्जा एवं प्रेरणा का अनुभव किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. विपिन राय, श्रीमती प्रकृति बिश्वास, डॉ. शशि दुबे, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. विमल शुक्ला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. संध्या कोष्टा, डॉ. अम्बिका तिवारी अन्य समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।


