श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में शिक्षा विभाग के नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराते हुए उनके महाविद्यालयीन जीवन का सकारात्मक एवं सार्थक शुभारम्भ करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री संदीप जैन जी, (अध्यक्ष, जबलपुर विकास प्राधिकरण) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री प्रशांत केशरवानी जी, (उपाध्यक्ष, जबलपुर विकास प्राधिकरण ) महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम. एस चावला जी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी, डॉ. संध्या कोष्टा, (विभागाध्यक्ष, शिक्षा विभाग), डॉ. शशि दुबे, (छात्र कल्याण प्रभारी ) एवं डॉ. अम्बिका तिवारी, (एडमिन इंचार्ज )की मंच पर गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात स्वागत बेला में, अतिथिजनों का स्मृतिचिन्ह द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। तदुपरान्त प्राचार्य महोदय ने अपने स्वागत उद्बोधन में नवप्रवेशित शिक्षार्थियों का महाविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, निरंतर अध्ययन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, कौशल, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। वहीं मुख्य अतिथि श्री संदीप जैन जी ने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं क्षमताओं का निरंतर विकास करने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भावी शिक्षक समाज के निर्माण और दिशा-निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि श्री प्रशांत केशरवानी जी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित, अनुशासित एवं निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात शिक्षा विभाग के प्राध्यापक डॉ. सिम्मी सिंह, डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. जया चतुर्वेदी, श्रीमती प्रियंका साहू एवं श्री राजेंद्र प्यासी द्वारा नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न छात्रहितकारी योजनाओं, खेलकूद तथा अन्य सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को महाविद्यालय का भ्रमण कराया गया, जिसके दौरान उन्हें विभिन्न विभागों, कक्षाओं, पुस्तकालय एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं से परिचित कराया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सरिता शर्मा द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शशि दुबे ( छात्र कल्याण प्रभारी ) द्वारा दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में शिक्षर्थियों की उपस्थिति रही। सम्पूर्ण कार्यक्रम ज्ञान, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। दीक्षारम्भ कार्यक्रम ने नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश से जोड़ते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी शुरुआत प्रदान की।



