श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय में दिनांक 09 जून 2026 को, वर्ष 2023 में लिए गए आध्यात्मिक संकल्प को सतत आगे बढ़ाते हुए, प्रत्येक माह की परंपरा के अनुरूप इस माह भी अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में सुखमणि साहिब जी के पाठ, गुरबानी कीर्तन एवं सामूहिक अरदास का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम. एस. चावला जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से सुखमणि साहिब जी, जपजी साहिब जी, चौपाई साहिब जी एवं आनंद साहिब जी के पाठ से किया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार के समस्त सदस्यों ने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सहभागिता की। सामूहिक पाठ के पश्चात सुश्री अमरदीप कौर द्वारा अत्यंत भावपूर्ण गुरबानी कीर्तन एवं सिमरन की प्रस्तुति दी गई, जिसने समस्त उपस्थित जनों को आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत कर दिया। कीर्तन उपरांत वाहे गुरु जी की कृपा प्राप्ति के साथ-साथ महाविद्यालय में अधिकाधिक एवं उत्तम प्रवेश (admissions) की मंगलकामना हेतु सामूहिक अरदास की गई, जिससे संस्थान निरंतर प्रगति एवं उन्नति के पथ पर अग्रसर हो सके। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, सेवा एवं समर्पण भाव के साथ लंगर प्रसाद वितरण द्वारा किया गया, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने विनम्रतापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में माइनॉरिटी समिति के सदस्यों डॉ. परमजीत बाजवा, डॉ. गुरप्रीत कालरा, डॉ. सिम्मी सिंह, श्रीमती जसविंदर कौर, डॉ. रूबी दुग्गल, सुश्री अमरदीप कौर एवं डॉ. नेहा फिलौरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. मनीष शाह, डॉ. शिवमणि मिश्रा, डॉ. अंजू पाठक, डॉ. विपिन राय, श्रीमती प्रकृति बिश्वास, डॉ. शशि दुबे, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. विमल शुक्ला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. संध्या कोष्टा, डॉ. अम्बिका तिवारी सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम अत्यंत सफल, अनुशासित एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ।


