श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय में आज 15 अगस्त 2026 को 80वॉ स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्ष, उल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी के मार्गदर्शन में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम. एस. चावला जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में, प्रबंधन समिति के सदस्य सदस्य सरदार गुरमीत सिंह छाबड़ा जी, सरदार सुखबीर सिंह खनुजा जी, सरदार अमरदीप सिंह सलूजा जी, प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी तथा सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. अंजू पाठक जी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम. एस. चावला जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला एवं तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता एवं देश के प्रति अपने दायित्व का संदेश दिया। कार्यक्रम के अगले चरण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में समानता, स्वतंत्रता एवं स्वच्छन्दता के वास्तविक अर्थ और उनके संतुलित प्रयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए अनुशासन, सद्भाव, समरसता एवं राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम. एस. चावला जी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज एवं देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। गीत, नृत्य, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साह और राष्ट्रप्रेम से भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, एकता और देशभक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। सम्पूर्ण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सुदृढ़ किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. हर्षिता शुक्ला एवं डॉ विनीता मिश्रा द्वारा किया गया।कार्यक्रम का सफल आयोजन में डॉ मनीष शाह, डॉ. शिवमणि मिश्रा, डॉ. विपिन राय, श्रीमती प्रकृति बिस्वास, डॉ. शशि दुबे, डॉ.संजय गुप्ता, डॉ. विमल शुक्ला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. संध्या कोष्टा, डॉ. अम्बिका तिवारी, डॉ. निरंजन पटेल अन्य समस्त प्राध्यापक, एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।



