श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय में दिनांक 18 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), इको क्लब एवं नेचर कंसर्वेशन क्लब के संयुक्त प्रयास से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर एवं प्रकृति के प्रति विद्यार्थियों में संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आशीष शर्मा, अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ स्टडीज, प्रबंधन विभाग एवं निदेशक, UIM (RDVV) एवं श्री अक्षय द्विवेदी ( ब्रांच मैनेजर,HDFC बैंक ) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य महोदय डॉ. आर. एस. चंडोक जी के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधा लगाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी, मातृभूमि के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने बच्चों को जीवन, सुरक्षा और स्नेह प्रदान करती हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी हमें प्राणवायु, छाया, फल, औषधियाँ और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। अतः प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे का संरक्षण और संवर्धन भी हमारी जिम्मेदारी बने। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिवस या अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं जैव-विविधता के संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में अनेक जीवों एवं मानव समुदाय के लिए जीवन का आधार बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया और महाविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण कीf दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथिगण के साथ प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी द्वारा महाविद्यालय परिसर में सीता अशोक के पौधे का विधिवत रोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के आयोजन एवं सफल संचालन में नेचर कंसर्वेशन समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. रूबी दुग्गल तथा इको क्लब प्रभारी डॉ. हर्षिता शुक्ला का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण गतिविधि में सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. मनीष शाह, डॉ. शिवमणि मिश्रा, डॉ. अंजु पाठक, डॉ. विपिन राय, श्रीमती प्रकृति बिश्वास, डॉ. शशि दुबे, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. विमल शुक्ला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. संध्या कोष्टा, डॉ. एल. एन. साहू, डॉ. अम्बिका तिवारी, डॉ. निरंजन पटेल सहित अन्य समस्त प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की सतत देखभाल के संकल्प के साथ हुआ। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी एवं पर्यावरणीय चेतना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।



