श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय में दिनांक 20 अगस्त 2026 को महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में सद्भावना दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता, सहिष्णुता एवं राष्ट्रीय सद्भावना की भावना को विकसित करना तथा समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण के निर्माण के लिए उन्हें प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य महोदय डॉ. आर. एस. चंडोक जी के उद्बोधन से हुआ। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को सद्भावना के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों एवं परंपराओं के बीच परस्पर सम्मान और सहयोग की भावना ही राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने व्यवहार एवं कार्यों के माध्यम से समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।इसके पश्चात प्राचार्य महोदय द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को सद्भावना एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखने तथा जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र के आधार पर भेदभाव से दूर रहकर आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। तदुपरांत सद्भावना गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम के वातावरण को सकारात्मक एवं भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सद्भावना केवल एक दिवस तक सीमित रहने वाला संकल्प नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।सम्पूर्ण कार्यक्रम गरिमामयी एवं प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. रूबी दुग्गल एवं सदस्य डॉ. नेहा फिलौरा, सुश्री अमरदीप कौर, श्री पवन महुरे, डॉ. श्वेता सोनी, श्रीमती मोनिका निगम, डॉ. रेनू खरे, सुश्री तुहिना मजूमदार एवं स्वयं सेवकों का कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।



