श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में दिनांक 27 जुलाई 2026 को कला विभाग के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों से परिचित कराना तथा उन्हें प्रेरणादायी वातावरण प्रदान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री सुनील गर्ग (कार्यकारिणी सदस्य, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी एवं डिवीजनल वार्डन, सिविल डिफेंस, जबलपुर) तथा विशिष्ट अतिथि सुश्री रेखा कुमारी (इंस्पेक्टर, NDRF) एवं ए.एस.आई. श्री राजेश सिंह उपस्थित रहे। मंच पर प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक, कला विभागाध्यक्ष डॉ. शशि दुबे एवं डॉ. परमजीत बाजवा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
प्राचार्य डॉ. चंडोक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग, नैतिक मूल्यों का पालन और महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि श्री सुनील गर्ग ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज सेवा एवं नेतृत्व विकास का महत्व बताया। विशिष्ट अतिथि सुश्री रेखा कुमारी ने आपदा प्रबंधन, सुरक्षा जागरूकता और आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया।
कला विभाग के प्राध्यापकों—डॉ. परमजीत बाजवा, डॉ. अंकिता तिवारी, डॉ. पुष्पलता पचौरी, डॉ. सोफाली गरेवाल, डॉ. पूनम पाल, श्री प्रवेश रैकवार, श्रीमती सुचिता पटेल एवं श्रीमती रीनू खरे—ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों, NSS, NCC, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा अन्य अवसरों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सृष्टि राणा एवं डॉ. पूनम पाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन कला विभागाध्यक्ष डॉ. शशि दुबे ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। यह दीक्षारम्भ कार्यक्रम नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।


