श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय जबलपुर में , वर्ष 2023 में तत्कालीन प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी द्वारा लिए गए नववर्ष संकल्प के अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रारंभ में सुखमनी साहिब जी का पाठ, कीर्तन एवं अरदास नियमित रूप से आयोजित की जाती रही है। दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को,इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार का आयोजन अत्यंत भावुक एवं शोकपूर्ण वातावरण में उनके प्रति अंतिम श्रद्धांजलि के रूप में किया गया। सर्वप्रथम सुखमणि साहिब जी, जप जी साहिब जी आनंद साहिब जी का पाठ, एवं गुरबानी कीर्तन किया गया, पाठ एवं कीर्तन के पश्चात् दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक अरदास की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं महाविद्यालय के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष शाह ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. आर. एस. चंडोक जी का निधन महाविद्यालय परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे केवल एक प्राचार्य ही नहीं, बल्कि एक कुशल मार्गदर्शक,एवं प्रेरणास्रोत के रूप में हम सभी के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे। उनके मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व को महाविद्यालय परिवार सदैव स्मरण करता रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. चंडोक जी द्वारा प्रारंभ की गई सुखमनी साहिब पाठ एवं अरदास की यह आध्यात्मिक परंपरा उनके प्रति हमारी श्रद्धा और उनके आदर्शों को जीवंत रखने का माध्यम है। अंत में समस्त महाविद्यालय परिवार ने एकजुट होकर दिवंगत प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मिक शांति हेतु अरदास की जिसमे दिवगंत प्राचार्य जी की धर्मपत्नी डॉ. जी के चंडोक, एवं उनकी पुत्री की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भावुक बना दिया । इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम.एस. चावला,महाविद्यालय की पूर्व प्राध्यापिका श्रीमती शिखा पाराशर, डॉ. शिवमणि मिश्रा, डॉ अंजू पाठक, डॉ. विपिन राय, डॉ. संजय गुप्ता, अन्य समस्त प्राध्यापक गण, कर्मचारी गण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे,



