श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी नवशैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का सहज पाठ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आरंभ किया गया, जिसकी विधिवत समाप्ति 28 अक्टूबर 2026 को की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथिगण एवं प्राध्यापकों द्वारा निशान साहिब जी की सेवा के साथ हुआ। इसके पश्चात श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सहज पाठ की विधिवत समाप्ति की गई। इस पावन अवसर पर गोरखपुर गुरुद्वारा से पधारे भाई बलजीत सिंह जी तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा भावपूर्ण गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया गया। गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव सरदार मनमोहन सलूजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा, विनम्रता एवं आपसी सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी के सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए नए शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय की निरंतर प्रगति और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर गोरखपुर गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी एवं उपस्थित सभी जनों ने एकजुट होकर महाविद्यालय की उन्नति, विद्यार्थियों की सफलता, सुख-समृद्धि एवं सर्वकल्याण के लिए अरदास की। इसके पश्चात सभी ने श्रद्धापूर्वक गुरु का लंगर एवं प्रसाद ग्रहण किया। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार एम. एस. चावला,एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष शाह के मार्गदर्शन में संपादित किया गया।कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महाविद्यालय की माइनॉरिटी समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण एवं अहम् योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की डॉ. अंजू पाठक, डॉ. विपिन राय, श्रीमती प्रकृति बिस्वास, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. विमल शुक्ला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. संध्या कोष्टा, डॉ. आरती शुक्ला सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



