श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में महाकौशल विज्ञान परिषद द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘जिज्ञासा 2026 – विज्ञान लोकव्यापीकरण’ के तृतीय दिवस का कार्यक्रम 18 नवंबर 2026 को संपन्न हुआ। इस अवसर पर निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के साथ वैज्ञानिक व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जबलपुर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह (अन्नू जी), मुख्य वक्ता IIITDM जबलपुर के निदेशक प्रो. भारतेन्दु कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. एस. पी. गौतम, महाकौशल विज्ञान परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र सिंह, श्री गुरु तेग बहादुर एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष सरदार एम. एस. चावला एवं सचिव सरदार मनमोहन सिंह सलूजा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष शाह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। प्राचार्य डॉ. मनीष शाह ने स्वागत उद्बोधन में ऐसी कार्यशालाओं को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया। महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ने विज्ञान एवं तकनीक को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने और ज्ञान का उपयोग समाजहित में करने के लिए प्रेरित किया।
महाकौशल विज्ञान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह ने विज्ञान के लोकव्यापीकरण तथा वैज्ञानिक चेतना के प्रसार में परिषद के प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता प्रो. भारतेन्दु कुमार सिंह ने आधुनिक तकनीक एवं अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और समस्याओं के रचनात्मक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मंच संचालन डॉ. हर्षिता शुक्ला तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती प्रकृति बिस्वास ने किया। इस अवसर पर महाकौशल विज्ञान परिषद के पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
