श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में 05 सितंबर 2026 को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि यूनियन बैंक के क्षेत्रीय निदेशक श्री समीर कुमार तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य प्रबंधक श्री आलोक कुमार एवं श्री प्रशांत शुक्ला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक की भूमिका को ज्ञान, चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास एवं जीवन मार्गदर्शन का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के ज्ञान एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने शिक्षकों को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथियों ने कौशल विकास, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत एवं कविता पाठ की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के संयोजन में सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. अंजू पाठक एवं समिति सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान एवं सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर संगम बना।
