श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय, जबलपुर में 24 सितम्बर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय परिसर में सहजन के पौधे का प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष शाह द्वारा रोपण किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य महोदय ने पौधारोपण करते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि “वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे जीवन का आधार हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को एक पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लेना चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करती है।”
इसके पश्चात् NSS स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की शपथ दिलाई गई। स्वयंसेवकों ने समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन तथा राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम संयोजन में कार्यक्रम समन्वयक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ रूबी दुग्गल, एवं अन्य सदस्यों का अहम् योगदान रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. शिवमणि मिश्रा, डॉ अंजू पाठक, डॉ . विपिन राय, श्रीमती प्रकृति बिश्वास, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. विमल शुक्ला, डॉ. रोहित वर्मा,डॉ. संध्या कोष्टा, डॉ. अम्बिका तिवारी अन्य समस्त प्राध्यापकगण, स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
