श्री गुरु तेग बहादुर खालसा महाविद्यालय में 18 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), इको क्लब एवं नेचर कंसर्वेशन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर एवं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आशीष शर्मा, अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ स्टडीज, प्रबंधन विभाग एवं निदेशक, UIM (RDVV) तथा विशेष अतिथि श्री अक्षय द्विवेदी, ब्रांच मैनेजर, HDFC बैंक उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृभूमि और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों के रोपण के साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं जैव-विविधता संरक्षण के संदर्भ में वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि एवं अतिथियों के साथ प्राचार्य डॉ. आर. एस. चंडोक जी ने महाविद्यालय परिसर में सीता अशोक का पौधा रोपित किया। उपस्थित प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने हरित परिसर के विकास तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की सफलता में NSS एवं नेचर कंसर्वेशन समिति प्रभारी डॉ. रूबी दुग्गल तथा इको क्लब प्रभारी डॉ. हर्षिता शुक्ला का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की सतत देखभाल के संकल्प के साथ हुआ।
